जमशेदपुर। संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर मंगलवार को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक हाईवा वाहन (संख्या- OD11AB 4925) को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह वाहन बेला क्षेत्र से अवैध तरीके से पत्थर चिप्स का परिवहन कर रहा था। छापेमारी के दौरान लगभग 800 सीएफटी पत्थर चिप्स जब्त किए गए हैं। वाहन और खनिज को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे कार्यों में लिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में खनिज माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।