Responsive Menu
Add more content here...

अबुआ खबर के असर से हरकत में प्रशासन, बहरागोड़ा में 15 हजार सीएफटी अवैध बालू जब्त

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता
15 दिसंबर को अबुआ खबर में अवैध बालू कारोबार को लेकर प्रकाशित रिपोर्ट के बाद बहरागोड़ा प्रशासन हरकत में आ गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुधवार को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के मोधुआबेड़ा गांव में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा के नेतृत्व में थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन अलग-अलग स्थानों से करीब 15,000 क्यूबिक फीट अवैध बालू बरामद किया गया। जांच के दौरान बालू से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मशीनों की मदद से अवैध बालू को जब्त किया और उसे सुरक्षित रूप से अंचल कार्यालय परिसर में स्थानांतरित कर दिया।

इस मामले में बहरागोड़ा थाना में कांड संख्या 88/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार अवैध भंडारण में नरेन मुंडा, संजय नायक, दुर्गा मुंडा और देबू ओझा की संलिप्तता सामने आई है। इनके अलावा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार कुछ नामजद आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अवैध बालू उत्खनन से जुड़े मामले दर्ज हैं और वे पहले न्यायिक हिरासत में भी जा चुके हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और पूरे गिरोह की गहन जांच कर रही है।

अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध खनन और भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यावरण और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।