रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस पहल के तहत लगभग 40 ग्रामीणों और शहरवासियों ने अपनी समस्याएं लेकर मंत्री से सीधे संवाद किया। शिकायतों का दायरा स्वास्थ्य, जमीन विवाद, अंचल कार्यालय से जुड़ी प्रशासनिक लापरवाही और अन्य जनसुविधाओं तक फैला था।
मौके पर कई समस्याओं का हुआ समाधान
जनता दरबार के दौरान कई मामलों को मौके पर ही निपटाया गया। जिन मुद्दों का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उनके शीघ्र निपटान का मंत्री ने भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
नियमित होगा जनता दरबार
मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने बताया कि अब हर सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। यह कदम जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन की सरकार जनहित में संवेदनशील है और जनता की जरूरतों के प्रति सजग भी। कांग्रेस पार्टी समय-समय पर जनता दरबार के माध्यम से लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करती रहेगी।”
जनता ने व्यक्त किया संतोष
जनता दरबार में शामिल हुए कई लोग मंत्री से सीधे अपनी बात कहने का अवसर मिलने पर संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि इस पहल से उनके मन में विश्वास और उम्मीद की भावना जागी है कि उनकी समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है और शीघ्र हल किया जाएगा।