Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में अवैध विदेशी शराब के साथ तीन गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Spread the love

बहरागोड़ा, झारखंड संवाददाता (निलेश बेरा) | 25 जून 2025: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई एनएच-49 किनारे स्थित दुकानों में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान हुई। बहरागोड़ा पुलिस ने मौके से विदेशी शराब की दर्जनों बोतलों के साथ तीन व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में शासन गांव निवासी सुब्रत जाना (47 वर्ष), इटामुंडा गांव निवासी रविकांत पातर (36 वर्ष) और अनंत पातर (41 वर्ष) शामिल हैं। इन तीनों के विरुद्ध बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 44/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि नशे के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है, जिससे समाज और परिवारों में तनाव व कलह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

सरकारी स्तर पर भी नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दलदल से निकालकर एक बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करना है।