जमशेदपुर, 25 जून 2025: झारखंड आंदोलन के अग्रणी सेनानी, झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुधीर महतो की 69वीं जयंती के अवसर पर कदमा स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक एवं संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, स्व. सुधीर महतो की धर्मपत्नी एवं इचागढ़ की वर्तमान विधायक श्रीमती सविता महतो, पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं सुधीर महतो के अनुयायी उपस्थित थे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. सुधीर महतो के संघर्षों और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि—
“स्वर्गीय सुधीर महतो का झारखंड राज्य के निर्माण एवं सामाजिक न्याय के लिए किया गया संघर्ष अविस्मरणीय है। उनके सिद्धांत, विचार और नेतृत्व आज भी हम सभी को प्रेरणा देते हैं।”
कार्यक्रम में लोगों ने उनके बताए रास्तों पर चलने की शपथ ली और यह संकल्प दोहराया कि झारखंड को समावेशी और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में उनके सपनों को पूरा किया जाएगा।