बिना तामझाम देर रात पहुंचे रिम्स, मरीजों से की सीधी बातचीत
रांची, 17 जून:
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मंगलवार देर रात राजधानी रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में औचक निरीक्षण पर पहुंचे। बरसात और देर रात होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना या सरकारी तामझाम के उनके आगमन से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया, वहीं मरीजों और तीमारदारों के चेहरों पर उम्मीद की झलक दिखाई दी।
इस निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ खिजरी विधायक राजेश कच्छप और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश सिन्हा सनी भी मौजूद रहे। अस्पताल के गेट से लेकर वार्ड तक अधिकारियों में हलचल मच गई।
मरीजों से सीधा संवाद, समस्याओं की जानकारी
डॉ. अंसारी ने सीधे अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और मरीजों एवं उनके परिजनों से इलाज, दवाइयों और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और सफाईकर्मियों से भी संवाद कर अस्पताल के संचालन की जमीनी हकीकत को करीब से जाना।
बेड की कमी को बताया गंभीर चुनौती
मीडिया से बातचीत में डॉ. अंसारी ने कहा,
> “मैं नेता बनने नहीं, जनता का सेवक बनकर आया हूं। रिम्स जैसे संस्थानों में मरीजों की संख्या बहुत अधिक होती है, और कुछ वार्डों में बेड की कमी एक गंभीर समस्या है। हम जल्द ही अतिरिक्त बेड और सुविधाएं बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।”

ईमानदार कर्मियों को प्रोत्साहन, लापरवाही पर सख्ती
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाह और गैर-जिम्मेदार कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही सराहना
डॉ. अंसारी का यह बिना पूर्व सूचना का निरीक्षण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोगों ने मंत्री के इस जमीनी निरीक्षण और सादगीपूर्ण अंदाज़ की सराहना करते हुए कहा कि अगर हर राज्य में ऐसे मंत्री हों, तो स्वास्थ्य व्यवस्था जल्द सुधर सकती है।
ताज़ा खबरों और विश्वसनीय अपडेट्स के लिए जुड़े रहें हमारी वेबसाइट से।
