चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), 18 जून 2025 — चाकुलिया प्रखंड के मालकुंडी पंचायत भवन में बुधवार को शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार परख शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से एक अहम पहल की गई। पंचायत भवन परिसर में पंचायत ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का उद्घाटन बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, मुखिया मंजुला मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य राजेश्वर सरदार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक समीर मोहंती ने अपने संबोधन में कहा, “ज्ञान केंद्र की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद मिलेगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी सफलता प्राप्त करने में सुविधा होगी।”
पुस्तकें और सुविधाएं
ज्ञान केंद्र में शैक्षणिक, साहित्यिक, धार्मिक और समसामयिक विषयों से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चों के लिए पाठ्यपुस्तकों से लेकर युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक सामग्री, वयस्कों के लिए पत्रिकाएं और मैगजीन की भी व्यवस्था की गई है।
यह केंद्र एक शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण प्रदान करता है, जहां छात्र-छात्राएं बिना किसी शुल्क के अध्ययन कर सकते हैं।
सामुदायिक भागीदारी की अपील
विधायक मोहंती ने मालकुंडी पंचायत के शिक्षकों, शिक्षाविदों और आम लोगों से अपील की कि वे अपनी अनुपयोगी लेकिन उपयोगी किताबें इस केंद्र को दान करें, ताकि अन्य लोग भी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि शिक्षित युवा और बुजुर्ग सप्ताह में कम से कम दो दिन केंद्र में समय देकर छात्रों को पढ़ाने में सहयोग करें।
उपस्थित जन
इस अवसर पर समाजसेवी गोपन पड़ीहारी, पवन गिरी, कुँवर सोरेन, उत्पल महतो, , प्रिय गोपाल मंडल, कीर्ति सुंदर महतो,वार्ड सदस्यगण, अनेक छात्र-छात्राएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।