रांची में बहुमंजिला आदिवासी छात्रावास का भूमि पूजन: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रखी आधारशिला
520 शैय्या वाले अत्याधुनिक छात्रावास से आदिवासी छात्रों को मिलेगा सुरक्षित और समृद्ध शिक्षा माहौल
रांची, 22 मई – झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची के करमटोली स्थित आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर में 520 शैय्या वाले बहुमंजिला अनुसूचित जनजाति छात्रावास के निर्माण का विधिवत भूमि पूजन किया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वह दिन है जिसकी परिकल्पना सभी ने मिलकर की थी, और आज वह सपना साकार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रांची के साथ-साथ पलामू में भी छात्र-छात्राओं के लिए भव्य और आधुनिक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मुझे तब और खुशी होगी जब ये छात्रावास बनकर तैयार होंगे और छात्र यहां रहकर पढ़ाई करेंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य भर के महिला कॉलेजों को भव्य बनाने हेतु कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। राज्य सरकार ने बच्चों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया है और इसी कड़ी में आज छात्रावास निर्माण कार्य शुरू हो रहा है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, “आप पढ़ाई पर ध्यान दें, आपकी समस्याओं का समाधान सरकार करेगी।” उन्होंने यह भी बताया कि पहले यह सोचना भी मुश्किल था कि हॉस्टल में बच्चों को पोषणयुक्त भोजन मिलेगा, लेकिन अब कल्याण विभाग के तहत छात्रावासों में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बच्चों को घर से अनाज लाने की जरूरत नहीं होगी।
प्रतियोगिता के इस दौर में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए मदद भी शुरू की है। इसके अलावा, गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु बाबा भीमराव अंबेडकर के नाम से भव्य पुस्तकालय बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे ज्ञानवर्धन होगा।
इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों को बधाई, शुभकामनाएं और जोहार भी दिया।