चाकुलिया, 22 मई – चाकुलिया प्रखंड के सोनाहातु पंचायत स्थित आंधारिया गांव के पास गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक बड़ी सड़क दुर्घटना में दो घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, चाकुलिया से धालभूमगढ़ की ओर जा रहा आलू लदा 12 चक्का ट्रक (WB 33B 9941) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने दो घरों से टकरा गया। हादसे में एक बिजली का खंभा टूट गया और तीन अन्य खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक समीर कुमार महंती मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल सीओ नवीन पुरती और थाना प्रभारी संतोष कुमार से बात कर ट्रक मालिक से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही, बिजली आपूर्ति बहाल करने को लेकर उन्होंने विद्युत विभाग के एसडीओ को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत शीघ्र की जाए।
स्थानीय लोगों ने विधायक की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से जनता में भरोसा बढ़ता है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नुकसान का आंकलन कर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता प्रदान की जाएगी।