– झारखंड, बंगाल और ओडिशा के हजारों श्रद्धालु जुटे।
– विधायक समीर मोहंती और कुणाल षाड़ंगी ने पहाड़ पूजा।
– थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में सजग रही पुलिस।
संवाददाता (रोहन सिंह) – चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे जयनगर गांव के पास स्थित कान्हाईश्वर पहाड़ की पूजा शनिवार को परंपरा के मुताबिक धूमधाम से हुई। पूजा करने के लिए झारखंड, बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर कान्हाईश्वर बाबा से बारिश और खुशहाली की कामना की। विधायक समीर कुमार मोहंती और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी भी पहाड़ पर पहुंचे और पूजा अर्चना की। विदित हो कि कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा झारखंड की प्रमुख पहाड़ पूजा है। 12 मौजा के ग्रामीणों द्वारा आषाढ़ महीना के तीसरे शनिवार को इस पहाड़ की पूजा करने की वर्षों पुरानी परंपरा है। सुरक्षा को लेकर घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, अंचल अधिकारी नवीन पूरती, प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा और थाना प्रभारी संतोष कुमार चौकस रहे।

पूजा करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का जाना शुरू हो गया था। पहाड़ पर पुजारी सहदेव नायक, गौरांग नायक, रविंद्र नायक और दानव नायक ने पहाड़ पर स्थित पूजा स्थल पर पूजा अर्चना की। इसके बाद पूजा के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चाकुलिया के बिरसा चौक से लेकर कान्हा ईश्वर पहाड़ तक पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस पदाधिकारियों के साथ मुस्तैद रहे। उसके कारण सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बनी। हजारों पुरुष और महिलाओं ने पहाड़ पर चढ़ कर पूजा स्थल में पूजा अर्चना की। विधायक समीर मोहंती, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, मुखिया शिवचरण हांसदा, साहेब राम मांडी, गौतम दास, विशाल बारिक पहाड़ पर स्थित पूजा स्थल पहुंचे और पूजा अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पहाड़ के नीचे मेला आयोजित: पहाड़ के नीचे मेला का भी आयोजन हुआ। मेला में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। पूजा के बाद लोगों ने मेला का भी आनंद उठाया। पहाड़ के पास सैकड़ों वाहन खड़े थे। इन वाहनों पर सवार होकर दूर दराज के श्रद्धालु आए थे। शाम तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते रहे। पूजा को सफल बनाने में पूजा कमेटी के अध्यक्ष सह जयनगर के ग्राम प्रधान सोमाय मांडी, दुआरीशोल के ग्राम प्रधान ठाकुरदास बास्के, प्रफुल्ल ग्वाला, सालगाड़िया के चंपाई मांडी, शिशाखुन के तरूण ग्वाला, जोड़ाम के विश्वजीत महतो, कियाशोल के झांगाल हेम्ब्रम, बिरदह के फकीर बेरा, कैलाश बेरा, दुबराजपुर के बैद्यनाथ हांसदा, पोचापानी के रामचंद्र मांडी,भंडारू के भानु नायक, निखिल नायक, बिहारीपुर के आशीष मुंडा , कारण हांसदा, बैकुंठपुर के शंकर मुर्मू, समेत अन्य लोग जुटे रहे।पहाड़ पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच चना और ओआरएस का वितरण किया गया।
मेला में कटहल की हुई खूब बिक्री: पहाड़ के नीचे आयोजित मेला में कटहल की बिक्री खूब हुई। 50 रुपए से लेकर 150 रुपए तक एक-एक कटहल बिके। श्रद्धालुओं ने जमकर कटहल की खरीदारी की। मूढ़ी और कटहल खाया। मेला में सात पत्तों से बनी टोपी, खिलौने, तीर, बांसुरी की भी बिक्री खूब हुई।
श्रद्धालु रहे परेशान: पहाड़ के पास यात्री सुविधाएं नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हुई। पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को मिनरल वाटर खरीद कर पीना पड़ा। नगर पंचायत प्रशाशन द्वारा दो टैंकर से पानी पहुंचाया गया था। शेड नहीं होने के कारण भी श्रद्धालु परेशान रहे। छह जुलाई को कान्हाईश्वर पहाड़ से सटे बाड़ाघाट में संस्कृतिक मेला आयोजित होगा।

