बहरागोड़ा (संवाददाता निलेश बेरा): एस डीएवी पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति एवं बाल विवाह विरोधी अभियान के तहत एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामा सदन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा संभावी ने किया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा नशा मुक्ति और बाल विवाह के विरुद्ध भाषण, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग जैसी विविध गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। कक्षा तीन से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
प्रत्येक शनिवार को सीसीए विभाग द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें छात्रों को सामाजिक मुद्दों पर संवेदनशील और जागरूक नागरिक के रूप में तैयार किया जा रहा है।
सभा के अंत में प्राचार्य श्री मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “नशा नाश का पहला सोपान है। हमें छात्र जीवन से ही इससे दूर रहना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 26 जून को ‘नशा मुक्ति दिवस’ मनाया जाता है, जिससे समाज को इस बुराई के प्रति जागरूक किया जा सके।” उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें।