चाकुलिया: नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक के पास सोमवार देर शाम एक ज्वेलरी कारोबारी से फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात हुई। रात 8:22 बजे के करीब प्राप्ति ज्वेलर्स के मालिक अरुण नंदी अपने आवासीय परिसर (मिस्त्री पाड़ा) पहुंचे ही थे कि बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने चाकू और पिस्तौल की नोक पर उनका बैग लूट लिया। बैग में लगभग डेढ़ किलो सोने के आभूषण और ₹50,000 नकद थे।
लूट के बाद अपराधी पश्चिम बंगाल की दिशा में फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बंगाल के जामबनी थाना को सूचना दी।
सहयोगात्मक कार्रवाई में जामबनी पुलिस ने दो अपराधियों — औरंगाबाद (बिहार) के रफीकगंज निवासी मो. रफीक और जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी निरंजन गौड़ — को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लूटे गए डेढ़ किलो सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं। तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
गिरफ्तार अपराधियों को चाकुलिया थाना लाया गया है, जहां पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। मामले को लेकर एसडीपीओ और जिले के वरीय अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत की सांस
चाकुलिया पुलिस की तत्परता और बंगाल पुलिस के सहयोग से महज 48 घंटे में इस बड़ी लूट का खुलासा हो गया। ज्वेलर्स कारोबारी और आम लोगों ने पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना की है।