चाकुलिया,संवाददाता (रोहन सिंह)| 31 जुलाई 2025: झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम ने गुरुवार को चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र का दौरा किया। यह दौरा राज्य में प्रस्तावित निकाय चुनावों की तैयारियों और ओबीसी वर्ग को आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में किया गया।
आयोग की टीम में अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, सदस्य नरेश वर्मा, नंदकिशोर मेहता और लक्ष्मण यादव शामिल रहे। दौरे की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से हुई, जहां नगर प्रशासक चंदन कुमार ने आयोग के सदस्यों का स्वागत किया।

ओबीसी आरक्षण को लेकर आयोग गंभीर
आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि झारखंड के 15 जिलों में आयोग का निरीक्षण अभियान जारी है। इस दौरान वार्डों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, जिसमें ओबीसी जातियों की जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का अध्ययन शामिल है। उन्होंने बताया कि यह रिपोर्ट आगामी निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी।
बूथों का निरीक्षण, वोटर आईडी की जांच
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में टीम ने वार्ड संख्या 4 के पुरनापानी में बूथ संख्या 42, वार्ड संख्या 3 के मिस्त्रीपाड़ा में बूथ संख्या 48, तथा वार्ड संख्या 8 के मुस्लिम बस्ती में बूथ संख्या 44 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और घर-घर जाकर वोटर आईडी कार्ड की भी जांच की।
नगर प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के समय नगर प्रशासक चंदन कुमार के साथ नगर प्रबंधक प्रभात मिंज, जेई अनीश कुमार, रोहित लकड़ा और मीता राय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आयोग का यह दौरा आगामी निकाय चुनाव में ओबीसी समुदाय को आरक्षण दिलाने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जल्द ही आयोग अपनी रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को सौंपेगा, जिसके आधार पर चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।