चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया स्थित शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को राष्ट्र सेविका समिति द्वारा भव्य गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, संगठनात्मक एकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान को समर्पित रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति की शिक्षिका लक्ष्मी सिंह के संयोजन में हुई, जहां उपस्थित महिलाओं ने भगवा ध्वज को गुरु स्वरूप मानकर पूजन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका मंजू अग्रवाल थीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वीणा रुंगटा को आमंत्रित किया गया। दोनों अतिथियों को आयोजकों ने श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक जागरूकता और संगठन की ताकत पर जोर
मुख्य वक्ता के रूप में जमशेदपुर से आईं समिति की कोल्हान प्रमुख सुधा प्रजापति ने महिलाओं को संगठन के माध्यम से समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने भगवा ध्वज, गुरुपूजन की परंपरा और राष्ट्र सेविका समिति की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संगठन नारी शक्ति को संगठित कर राष्ट्र सेवा की दिशा में प्रेरित करता है।
विशिष्ट सहभागिता
इस मौके पर जिला संपर्क प्रमुख लता रानी साव, महानगर सह कार्यवाहिका चंचला सिन्हा, सीमा अग्रवाल, अंकिता सिंह, डोलन दास, लिली पोलाय, अनीमा दास, शर्मीला दलाई, मौसमी मोहंती, सुदीप्ता साव, सुखी हेंब्रम सहित विद्यालय की अनेक सेविकाओं और छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलकांत प्रमाणिक, संघचालक लक्ष्मीकांत दास और जुगल क्याल का विशेष योगदान रहा।