चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत के शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को जनजातीय गौरव दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के बलिदान, संस्कृति और राष्ट्र-निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक अमित लियो मिंज और अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया। सम्मानित अतिथियों में विद्यालय के संरक्षक रवि झुनझुनवाला, कमल खंडेलवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घाटशिला जिला संघ चालक श्रीमान लक्ष्मी नारायण दास, विद्यालय के सचिव अमित भारतीय, प्रधानाचार्य कमलाकांत प्रामाणिक और समिति सदस्य हार्दिक यादव शामिल थे।

विद्यालय के संरक्षक रवि झुनझुनवाला ने मुख्य अतिथि अमित लियो मिंज को शॉल ओढ़ा कर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।इसके बाद विद्यालय की बहनों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक एकल और सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।अवसर पर मुख्य अतिथि अमित लियो मिंज ने अपने संबोधन में जनजातीय गौरव दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिवस 15 नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह दिन जनजातीय समुदायों के साहस, विरासत, कला, भाषा और संस्कृति को राष्ट्रीय चेतना में लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी जिक्र किया।विद्यालय के संरक्षक रवि झुनझुनवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया था।
प्रधानाचार्य कमलाकांत प्रामाणिक ने भी अपने वक्तव्य में जनजातीय गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और पहचान का सम्मान करने तथा उनके योगदान को राष्ट्रीय चेतना में लाने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम प्रमुख आचार्य बिप्लब टुडू ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर आचार्य मनोज महतो, हरिपद महतो, विकास महतो, शांतनु घोष, अरुण महतो, गौरहरि दास, तापस बेरा, सुजीत मैती, दिलीप महतो, पियाली साहू, लक्ष्मी सिंह, बंदना दास, पिंकी घोष, कल्पना महतो नमिता राउत, सायदा फातिमा, सावित्री महतो, सीमा पांडे सहित सैकड़ों विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद थे।