कोलकाता/चाकुलिया, 14 जून 2025:
वेदमाता गायत्री चेतना केन्द्र, बेन्डेल, हुगली के तत्वावधान में 14 जून को एक भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल आठ जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में झारखंड के चाकुलिया क्षेत्र के चार जोड़ों ने भी विवाह सूत्र में बंध कर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन सूरजमल अग्रवाल चेरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी नरेश कुमार अग्रवाला के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संयोजित करने में श्महेन्द्र गुप्ता और रूपेश अग्रवाला की प्रमुख भूमिका रही।
नवविवाहित जोड़ों को मिला गृहस्थी का उपहार
समारोह में सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन शुरू करने के लिए आवश्यक सभी घरेलू सामान और उपयोगी वस्तुएं उपहार स्वरूप प्रदान की गईं। आयोजन स्थल पर सामाजिक समरसता और मंगल वातावरण देखने को मिला, जहाँ सभी धर्म-समाज के लोगों ने मिलकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
चाकुलिया से कोलकाता तक सहयोग में दिखी सामाजिक एकजुटता
चाकुलिया से वर-वधू एवं उनके परिवारों को कोलकाता पहुँचाने, उनकी व्यवस्था करने तथा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में राजेश लोधा और जितेन महतो सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सराहनीय योगदान दिया।