घाटशिला – घाटशिला प्रखंड के काशिदा गांव में गुरुवार सुबह एक हिरण के भटककर आने से क्षेत्र में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए घायल हिरण को कुत्तों के हमले से बचाया और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हिरण को रेस्क्यू कर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गई। घाटशिला के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने जानकारी दी कि हिरण स्थानीय जंगल से भटककर काशिदा पहुंचा था। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और ठीक होने के बाद उसे टाटा जू भेजा जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक हिरण को कुछ कुत्ते दौड़ा रहे थे। समय रहते उन्होंने हस्तक्षेप कर हिरण को सुरक्षित किया और वन विभाग को सौंप दिया।
वन विभाग और ग्रामीणों के सहयोग से एक वन्य जीव की जान बचाई जा सकी, जिससे क्षेत्र में सराहना का माहौल है।