चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम):
चाकुलिया की ओर से धालभूमगढ़ जा रहे आलू से लदे एक 12 चक्का ट्रक (संख्या WB 33B 9941) ने सोनाहातु पंचायत के आंधारिया गांव के पास संतुलन खोते हुए सड़क किनारे बने दो घरों को टक्कर मार दी। इस हादसे में किशुन हेंब्रम और रामसाईं टुडू के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि दोनों परिवारों के सदस्य बाल-बाल बच गए।
रामसाईं टुडू और उनकी पत्नी उस वक्त सड़क किनारे वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि किशुन हेंब्रम अपनी पत्नी पार्वती और दो बच्चों के साथ दूसरे कमरे में थे। तेज आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
हादसे के कारण बिजली का एक खंभा टूट गया और चार अन्य खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच चुके हैं। ट्रक चालक और खलासी को चोटें आईं, पर वे मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया मोहन सोरेन ने चाकुलिया थाना को सूचना दी। एएसआई सुकलाल हांसदा और मुखिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद मुख्य सड़क करीब तीन घंटे तक जाम रही, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
यह दुर्घटना दो परिवारों के लिए आर्थिक रूप से बड़ा झटका साबित हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।