जमशेदपुर:
झारखंड की प्रमुख कंस्ट्रक्शन कंपनी हैक्सायर इंफ्रा ने जमशेदपुर में अपने पहले ब्रांच की शुरुआत की है। यह ब्रांच बर्मामाइंस स्थित ट्यूब कंपनी के सामने खोला गया है। कंपनी का उद्देश्य शहरवासियों को “एक ही छत के नीचे निर्माण से जुड़ी हर सुविधा” उपलब्ध कराना है।
हैक्सायर इंफ्रा पैन-इंडिया स्तर पर काम करने वाली कंपनी है, जिसकी जड़ें झारखंड में हैं। कंपनी घरेलू (डोमेस्टिक) और व्यावसायिक (कमर्शियल) दोनों तरह के प्रोजेक्ट्स पर कार्य करती है। इसका दावा है कि वह किसी भी घर के निर्माण कार्य को केवल 5 से 7 महीने के भीतर पूरा कर देती है।
ब्रांच का शुभारंभ आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कंपनी के सीईओ रंजीत पाठक, ब्रांच हेड सह जिला संयोजक प्रियरंजन सिंह (सोनू), तथा निदेशक शशि कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सीईओ रंजीत पाठक ने बताया कि हैक्सायर इंफ्रा भारत की पहली डिजिटल कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जो ग्राहकों को निर्माण से जुड़ी हर सुविधा — जैसे बिल्डिंग मटेरियल, इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग से लेकर इंटीरियर डिजाइन — एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा, “ग्राहक को केवल अपनी जमीन देनी होती है, बाकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होती है। हम ग्राहक के चयनित डिजाइन के अनुसार कंस्ट्रक्शन पूरा करते हैं और फ्री डिजाइन विकल्प भी देते हैं।”
कंपनी के अनुसार, ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद कंपनी की टीम साइट विजिट करती है और तय समय सीमा में प्रोजेक्ट पूरा कर देती है। वर्तमान में कंपनी के प्रोजेक्ट रांची, हजारीबाग और धनबाद में पहले से ही चल रहे हैं, जबकि जमशेदपुर चौथा ब्रांच है।
इस अवसर पर कंपनी के अधिकारी बिंदु डांगी, पिंटू प्रसाद, पंकज कुमार सिंह, अरविंद कुमार, भाई शिव आनंद और चित्तरंजन सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।