बहरागोड़ा, झारखंड संवाददाता (निलेश बेरा) – शुक्रवार की शाम बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र झमाझम बारिश के बावजूद भक्ति और श्रद्धा में डूबा नजर आया, जब भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी पहुंचे।
प्रखंड के पाटपुर, बेंदा, लाउडंका, पांचरुलिया, कुमारडुबी समेत कई गांवों के जगन्नाथ मंदिरों से पारंपरिक रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा से पूर्व विधिवत पूजन-अर्चन कर तीनों ठाकुरों को रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद जैसे ही रथ की रस्सी खिंचनी शुरू हुई, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक, हर कोई रथ खींचने को आतुर नजर आया।
इस बार की रथ यात्रा खास रही क्योंकि बारिश की फुहारों के बीच भक्ति का जोश और भी बढ़ गया। लगभग शाम 4 बजे यात्रा प्रारंभ हुई और करीब ढाई घंटे के बाद भगवान अपने भाई-बहन के साथ मौसीबाड़ी पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ के साथ उनका स्वागत किया।
अब अगले 9 दिनों तक मौसीबाड़ी में तीनों देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके उपरांत, घूरती रथ यात्रा के माध्यम से भगवान जगन्नाथ पुनः अपने मंदिर लौटेंगे।
श्रद्धा और आस्था के इस अद्भुत संगम ने बहरागोड़ा को एक बार फिर भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।
हाइलाइट्स:
- रथ यात्रा के दौरान उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- बारिश भी नहीं रोक पाई भक्तों का उत्साह
- 9 दिनों तक मौसीबाड़ी में होगी पूजा-अर्चना
- भव्य तरीके से संपन्न हुआ रथ यात्रा आयोजन
(इस समाचार को साझा करें और जुड़ें अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं से)