जमशेदपुर
जमशेदपुर के डोबो पुल पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब धनबाद पुलिस की एक टीम ने अचानक फिल्मी अंदाज़ में छापेमारी कर दी। इस दौरान कदमा के रहने वाले आशीष सिंह राजपूत को हिरासत में ले लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, आशीष पर हाल ही में धनबाद में हवाई फायरिंग करने का आरोप है, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
डोबो पुल पर उस वक्त भाजपा नेता आदित्य साहू का स्वागत समारोह चल रहा था। इसी बीच सिविल ड्रेस में मौजूद धनबाद पुलिसकर्मी भीड़ में घुलमिल गए और मौका मिलते ही आशीष को घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद मौके पर भारी हंगामा और हाथापाई की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि आशीष के समर्थकों ने भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में लात-घूंसे और धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि फायरिंग केस में आशीष के अलावा चार से पांच अन्य युवक भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल धनबाद पुलिस आशीष से गहन पूछताछ कर रही है और उसके सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में आधिकारिक बयान देने से परहेज़ किया है, लेकिन डोबो पुल पर हुई इस फिल्मी शैली की कार्रवाई ने जमशेदपुर में चर्चा का माहौल बना दिया है।