Responsive Menu
Add more content here...

रांची: पत्नी ने पति की हत्या कर कुएं में फेंका शव, 6 महीने बाद खुला सनसनीखेज मामला

Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में चान्हो थाना क्षेत्र से एक रौंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के पास बने कुएं में फेंक दिया और बाद में जेसीबी से जमीन समतल करवा दी, ताकि कोई शक न करे।

रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि मुख्य आरोपी चंपा उरांव पहले वाराणसी में ईंट-भट्ठे पर काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात रामबली यादव से हुई। दोनों के बीच प्रेम हुआ और विवाह भी हुआ, जबकि रामबली पहले से शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी था।

शादी के बाद परिवार रांची के छापना गांव में रहने लगा। विवाद तब शुरू हुआ जब रामबली ने एक जमीन बेचने के बाद उसकी रकम अपनी पहली पत्नी को दे दी। इससे चंपा उरांव नाराज हो गई और उसने हत्या की साजिश रची।

चंपा ने दो शूटरों को सुपारी दी, रामबली की गोली मारकर हत्या करवाई और शव को कुएं में फेंकवाया। इसके बाद जेसीबी से कुएं को भरवा दिया। करीब छह महीने तक मामला दबा रहा, लेकिन रामबली के बेटे राहुल को शक हुआ और उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने चंपा उरांव से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके बाद जेसीबी की मदद से कुएं की खुदाई की गई और रामबली यादव का शव बरामद हुआ।

पुलिस ने चंपा उरांव समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। चार आरोपियों को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।