जमशेदपुर।
शहर में स्वच्छता को नई दिशा देने के लिए जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (NAC) ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने रविवार को साकची स्थित कासीडीह पूजा पंडाल से फ्लावर वेस्टेज कलेक्शन अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर 10 विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
ये सभी वाहन शहरभर के पूजा पंडालों से पूजा में अर्पित फूलों को एकत्रित करेंगे। बाद में इन्हीं फूलों का उपयोग करके खाद तैयार की जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि यह पहल स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ी हुई है और इसके माध्यम से आस्था को भी सम्मान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले पूजा के बाद फूलों को सड़कों और नालियों में फेंक दिया जाता था, जिससे गंदगी और दुर्गंध फैलती थी। लेकिन अब इन्हें वैज्ञानिक तरीके से खाद बनाने में उपयोग किया जाएगा।
साथ ही नगर आयुक्त ने यह भी घोषणा की कि जिन पूजा पंडालों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, उन्हें कमिटी की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।