Responsive Menu
Add more content here...

महाषष्टी पर मानवता को समर्पित रक्तांजलि: जमशेदपुर में विशेष शिविर में 128 यूनिट रक्त संग्रहित

Spread the love

जमशेदपुर।
नवरात्र की महाषष्टी पर जमशेदपुर ने मानवता की मिसाल पेश की। रविवार को प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर और प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में धातकीडीह स्थित जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित विशेष रक्तदान शिविर में भक्तों ने माता दुर्गा को रक्तांजलि अर्पित की। इस दौरान कुल 128 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।

झारखंड ही नहीं, बल्कि देशभर में महाषष्टी के दिन जहां लोग माता की पूजा-अर्चना में लीन थे, वहीं जमशेदपुर का यह शिविर अपने आप में अद्वितीय रहा। इस अभियान में युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रांची, ओड़िशा, कोलकाता और सासाराम जैसे शहरों से भी लोग रक्तदान करने पहुंचे। एक्सल टेक्नीकल इंस्टिट्यूट धातकीडीह और इंस्टिट्यूट ऑफ सेफ्टी प्रोफेशनल्स साकची के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

जन्मदिन पर रक्तदान कर बांटी खुशियां

शिविर की खास बात यह रही कि भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू ने अपने जन्मदिन पर रक्तदान कर इसे मानवता के नाम समर्पित किया। वहीं प्रेस क्लब के सोशल मीडिया पेज से प्रेरित होकर रांची से एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल के पत्रकार राजेश कुमार विशेष रूप से रक्तदान करने पहुंचे। दोनों ने आयोजकों की इस पहल की सराहना की।

अपील पर मिला जबरदस्त सहयोग

प्रेस क्लब और प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन ने बताया कि नवरात्र की पंचमी से लेकर दशमी तक प्रायः रक्तदान शिविर नहीं लगते, जिससे रक्त की कमी हो जाती है। इस बार अपील पर तुरंत कार्रवाई की गई और शिविर आयोजित किया गया। आयोजकों ने 100 यूनिट का लक्ष्य रखा था, लेकिन लोगों के उत्साह से यह बढ़कर 128 यूनिट तक पहुंच गया। इससे एक बार फिर साबित हुआ कि जमशेदपुर हर परिस्थिति में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे खड़ा है।

इनकी रही विशेष भूमिका

शिविर की सफलता में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के निदेशक अरिजीत सरकार, ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, टाटा मेहरबाई कैंसर अस्पताल के प्रशासक अमिताभ चटर्जी, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा, कोषाध्यक्ष मनमन पांडेय, सह सचिव अमित तिवारी, पूर्व अध्यक्ष बी. श्रीनिवास, पूर्व महासचिव गुलाब सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा।
साथ ही कुमारेश हाजरा, सुभेंदु मुखर्जी, दीपक मित्रा, तपन चंदा, भास्कर कुंडू, डीके घोष, रवि शंकर, अनिल प्रसाद, दानिश, राजेश भगत, अजित कुमार भगत, रमेश दास, दीप सेन, उत्तम कुमार गोराई, प्रोसेनजीत सरकार, किशोर साहू, चंदन, अभिषेक, रवि शंकर पात्रो, त्रिलोचन, तापस प्रमाणिक और रतनेश सहित अन्य लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।