जमशेदपुर, संवाददाता (सुमित झा)
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल चौक के समीप मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में दोनों कारों में सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला को हल्की चोट आई है, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

कार चालक मोहित कुमार ने बताया कि वे एग्रीको स्थित अपने घर से साकची की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे जेल चौक पार कर रहे थे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि “टक्कर इतनी तेज थी कि एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे जान बच गई।”
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।