जमशेदपुर संवाददाता : साकची क्षेत्र में बढ़ते यातायात जाम से निपटने के लिए शनिवार को प्रशासन ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान साकची गोलचक्कर से आम बगान चौक तक विस्तारित था।
इस दौरान सड़क किनारे खड़े ठेले, खोमचे और दुकानों के बाहर लगी गाड़ियां हटाई गईं। फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों को भी हटाया गया, जिससे अभियान के समय सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जमशेदपुर अक्षेस के पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि उनकी टीम लगातार इस अभियान को अंजाम दे रही है। अभियान के दौरान कई ठेले और खोमचे हटाए गए, लेकिन जैसे ही अभियान समाप्त हुआ, कुछ लोग फिर से सड़कों पर सामान लगाने लगे, जिन्हें तुरंत हिदायत देकर हटाया गया।
सड़क किनारे खड़े चार-पहिया वाहन भी अतिक्रमण का कारण बने हुए थे। बार-बार अनुरोध के बावजूद वाहन नहीं हटे, तो पुलिस ने वाहनों की हवा निकालनी शुरू कर दी। इसी दौरान अनलॉक बाइक चालकों की भी हवा खोली गई।
अधिकारी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से चल सके और लोगों को जाम से निजात मिल सके।