जमशेदपुर। संवाददाता
किराया बढ़ोतरी के खिलाफ सड़कों पर उतरे दुकानदार
जमशेदपुर में दुकानदारों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। साकची बाजार समेत शहर के करीब दस बाजारों में दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में दुकानदारों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
साकची बाजार में नारेबाजी कर जताया विरोध
साकची बाजार के दुकानदार सड़क पर उतर आए और जमशेदपुर अक्षेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। दुकानदारों ने कहा कि किराया बढ़ोतरी का फैसला पूरी तरह गलत है और इससे छोटे व्यवसायियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
दुकानदारों ने पहले भी किया था आंदोलन
दुकानदारों का कहना है कि इससे पहले भी दुकानों का किराया बढ़ाया गया था, जिसके खिलाफ आंदोलन किया गया था। उस समय जिला प्रशासन ने दुकानदारों की मांगों को मानते हुए राहत दी थी, जिसके बाद सभी दुकानदार शांतिपूर्वक अपना व्यवसाय कर रहे थे। लेकिन अब एक बार फिर किराया बढ़ाने का फैसला किया गया है, जिससे दुकानदारों में नाराजगी बढ़ गई है।
अक्षेस कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए किराया बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेने की मांग की।
बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जमशेदपुर अक्षेस इस फैसले को वापस नहीं लेता है, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।