जमशेदपुर। मानगो नगर निगम और अंचल प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को डिमना रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सैकड़ों फुटपाथी दुकानों को हटाया गया।
हालांकि दुकानदारों ने अभियान का खुलकर विरोध नहीं किया, लेकिन अंदरूनी तौर पर नाराजगी जरूर जताई। बताया गया कि एमजीएम अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगातार जाम की समस्या बढ़ रही थी, जिससे मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया।
मानगो अंचल अधिकारी ने जानकारी दी कि टाटा स्टील द्वारा क्षेत्र में वेंडर जोन तैयार किया जा रहा है। हटाए गए दुकानदारों को वहां शिफ्ट करने की योजना है ताकि उनके रोजगार पर असर न पड़े और सड़क भी अतिक्रमण मुक्त रह सके।
फिलहाल, प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।