जमशेदपुर संवाददाता : घाघीडीह मंडल कारा, साकची जेल और घाटशिला जेल में कैदियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन की पहल पर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने सीएसआर मद से तीन नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं।
समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने तीनों एंबुलेंस की चाबियां संबंधित जेल काराध्यक्षों को सौंपते हुए कहा कि इन वाहनों का संचालन पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी बीमार कैदी को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता हो।

उपायुक्त ने बताया कि अक्सर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण कैदियों को एमजीएम अस्पताल या रांची रेफर करना पड़ता है। ऐसे में अब समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होने से इलाज में होने वाली देरी रोकी जा सकेगी और कैदियों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने यूसीआईएल के प्रबंधन का धन्यवाद भी किया और इसे जिला प्रशासन के लिए एक अत्यंत उपयोगी एवं मानवीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इन एंबुलेंसों के माध्यम से जेलों की स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी और आपात स्थितियों में बेहतर सुविधा सुनिश्चित होगी।