जमशेदपुर।/चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) पूर्वी सिंहभूम जिले के तीन झामुमो विधायक— बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती पोटका विधायक संजीव सरदार, और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाक़ात की। इस दौरान घाटशिला के वरिष्ठ झामुमो नेता सोमेश चंद्र सोरेन भी उपस्थित रहे। मुलाक़ात में विधायकों ने जिले से जुड़े कई अहम मुद्दों को उठाया और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
भूमि अधिग्रहण मुआवज़े का मुद्दा सबसे प्रमुख
विधायकों ने कहा कि जिले में सड़क निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहित की गई जमीन के रैयतदारों को अब तक मुआवज़ा नहीं दिया गया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान सुनिश्चित नहीं हुआ तो इस मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाया जाएगा।
यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग
विधायकों ने चाटीकोचा गांव में यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) प्रोजेक्ट से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास जल्द करने पर जोर दिया। उन्होंने विस्थापित परिवारों को भूखंड, आवास, बिजली, पेयजल और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
अन्य प्रमुख मुद्दे
जिले में चौकीदार पदस्थापन में हुई विसंगतियों को दूर करने और बाहरी प्रखंडों में भेजे गए चौकीदारों को उनके गृह प्रखंड में ही पदस्थापित करने की मांग।
हरिणा मेला, रंकीनी महोत्सव और नेताजी गूंज महाउत्सव को राजकीय मेला का दर्जा देने की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर।
भू अर्जन विभाग में हो रही गड़बड़ियों और अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग।
राशन डीलरों के कमीशन की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग, जिससे डीलरों में असंतोष और हड़ताल की स्थिति समाप्त हो।
एकलव्य विद्यालयों में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया की शिकायतों की जांच और सुधार।
स्वीकृत धूमकुड़िया भवनों के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की मांग।
डीसी का आश्वासन
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विधायकों को आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी और शीघ्र कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।