रांची। संवाददाता
दिवाली से पहले झारखंड सरकार ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय आपात बैठक में कहा कि “अब 2G का जमाना खत्म, 4G का दौर शुरू होगा” — यानी राज्य में राशन वितरण प्रणाली को हाईटेक बनाया जाएगा, ताकि किसी भी गरीब को भोजन या सुविधा से वंचित न रहना पड़े।
9 लाख परिवारों को मिलेगा चीनी, दाल और वस्त्र
मंत्री डॉ. अंसारी ने घोषणा की कि राज्य के करीब 9 लाख गरीब परिवारों को दिवाली से पहले चीनी, दाल और वस्त्र (धोती, साड़ी, लूंगी) उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों में वस्त्र वितरण की प्रक्रिया धीमी है, वहाँ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा —
“दाल आपूर्ति में देरी केंद्र की उदासीनता के कारण हुई, लेकिन अब राज्य सरकार ने खुद दाल खरीदने का निर्णय लिया है ताकि जनता को राहत दी जा सके।”
बैठक में लिए गए ये प्रमुख निर्णय
बैठक के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग की योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए —
राज्यभर में E-POS मशीनों को 4G अपग्रेड किया जाएगा।
NFSA वितरण को मिशन मोड में पूरा करने का लक्ष्य।
6 लाख से अधिक अपात्र कार्डधारियों को हटाकर लगभग 8 लाख नए योग्य लाभुकों को जोड़ा जाएगा।
वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा।
“हर गरीब की थाली में मिठास लौटाना हमारा संकल्प” — डॉ. अंसारी
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा —
“हमारी सरकार गरीबों की सरकार है। हर गरीब की थाली तक भोजन, चीनी और दाल पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र की बेरुखी के बावजूद राज्य सरकार अपने संसाधनों से जनता को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि दिवाली से पहले जनता को सरकार की इन योजनाओं का सकारात्मक परिणाम दिखाई देगा।