रांची: भाकपा (माओवादी) द्वारा प्रस्तावित प्रतिरोध सप्ताह और बंदी को लेकर झारखंड पुलिस ने उच्च सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी ऑपरेशन माइकल एस. राज ने बताया कि 15 अक्टूबर को झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में बंदी का आह्वान किया गया है।
आईजी ऑपरेशन ने कहा कि पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं और सभी पुलिस बलों को सतर्क रहने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में झारखंड पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ कई सफल अभियान चलाए हैं, जिनमें कुल 32 नक्सली मारे गए। इनमें अधिकांश कार्रवाई सारंडा क्षेत्र और अन्य प्रभावित इलाकों में हुई है।
आईजी ऑपरेशन ने साफ किया कि राज्य में प्रस्तावित बंदी का कोई विशेष असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झारखंड में लगभग 80 सक्रिय माओवादी हैं, जिनमें से करीब 65 सारंडा क्षेत्र में और शेष अन्य जिलों में सक्रिय हैं।
साथ ही, घाटशिला उपचुनाव और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतज़ाम सुनिश्चित किए गए हैं। पुलिस बलों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहें।