जमशेदपुर।
जमशेदपुर पुलिस ने तड़ी पार अपराधी उमेश कुमार पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय के घर पर हुई फायरिंग की गुत्थी सुलझा ली है। यह घटना मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ, उलीडीह ओपी क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए इस घटना के मास्टरमाइंड दीपक कुमार चौधरी उर्फ टेका चौधरी (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 7.65 एमएम की देशी पिस्तौल बरामद की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी टेका चौधरी उलीडीह के यूरेनस, एफ आस्था स्पेस टाउन का निवासी है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें कई गंभीर मामले सामने आए।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
एमजीएम थाना कांड संख्या 96/2023: आर्म्स एक्ट के तहत मामला
मानगो थाना कांड संख्या 403/2021: धारा 323, 307, 34, 387, 504, 506 और आर्म्स एक्ट
दुमका जिले, जरमुंडी थाना कांड संख्या 54/2023: हत्या (धारा 302/34) और आर्म्स एक्ट
पुलिस के अनुसार, यही वह मामला है जिसमें मानगो के अपराधी गिरोह के सरगना अमरनाथ की हत्या हुई थी और इसी केस में टेका चौधरी जेल भी जा चुका है।
गिरफ्तारी टीम और कार्रवाई
इस गिरफ्तारी को उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर, रविन्द्र पांडेय, विजय कुमार, बीरबल उरांव और उलीडीह ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में टेका चौधरी ने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और कई अहम जानकारियां दी हैं। अब पुलिस इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।