चाईबासा, झारखंड: चाईबासा के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। प्रतिशोध सप्ताह (8-14 अक्टूबर) के दौरान नक्सलियों ने शुक्रवार रात को जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव में स्थित एयरटेल मोबाइल टावर पर हमला किया।
करीब 15-20 हथियारबंद नक्सलियों ने टावर और इसके नीचे लगे जेनसेट व मशीनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पूरा उपकरण जलकर खाक हो गया। इस घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
नक्सलियों ने टावर जलाने के बाद नारेबाजी भी की, जिससे यह संदेश दिया गया कि उनका प्रभाव अभी भी इस क्षेत्र में कायम है। प्रारंभिक अनुमान है कि नक्सली इस हमले के माध्यम से संचार तंत्र को बाधित करना चाहते थे, ताकि सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जानकारी बाहर न जा सके।
पिछले कुछ दिनों में सारंडा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। हाल ही में नक्सलियों ने तीन अलग-अलग जगहों पर आईईडी विस्फोट कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया, जिसमें एक जवान शहीद और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद से सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया है और जंगल में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी हैं।
लगातार हो रही नक्सली घटनाओं के कारण सारंडा जंगल और आसपास के क्षेत्रों में आम लोगों और सुरक्षा बलों के बीच खौफ का माहौल है।