Responsive Menu
Add more content here...

मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर संवाददाता: जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मानगो थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन से चार दिन पहले कपाली ओपी क्षेत्र में इन अपराधियों का कुछ युवकों के साथ विवाद और झड़प हुई थी। इसी का बदला लेने के इरादे से वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।


पुलिस को बीती रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग एनएच-33 स्थित सरोवर हिल होटल के पास एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दानिश हुसैन, राशिद अंसारी और गुलाम खान को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक धारदार हथियार बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।