झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी के नाम को समर्पित योजना मनरेगा का नाम बदलकर राष्ट्रपिता की पहचान को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम न केवल ऐतिहासिक महत्व को धूमिल करने वाला है, बल्कि इससे मजदूरों के अधिकारों पर भी सीधा असर पड़ेगा ।

जमशेदपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत देशभर के मजदूरों को प्रति वर्ष 100 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलती थी। इस योजना में करीब 90 प्रतिशत फंड केंद्र सरकार की ओर से दिया जाता था, लेकिन हाल के बदलावों से मजदूरों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए इन बदलावों के खिलाफ इंडी गठबंधन एकजुट होकर विरोध करेगा। आगामी दिनों में गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा और साथ ही राज्यव्यापी आंदोलन भी शुरू किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मनरेगा का नाम पुनः बहाल कराने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।