बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम)
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मॉडल स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन समारोह बुधवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उद्घाटन की औपचारिक शुरुआत दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मॉडल स्कूल को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह विद्यालय स्थानीय छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगा।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि बहरागोड़ा क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता रही है और यह मॉडल स्कूल उसी संकल्प का परिणाम है। उन्होंने इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को धन्यवाद दिया।
समारोह में शामिल हुए कई गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश कुमार सारंगी, बीस सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष असित मिश्रा, गुरुचरण मंडी, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं स्थानीय स्तर से नव कुंवर, तपन ओझा, निर्मल दुबे, कान्हु सामंत, ललित मंडी, शकीला हेंब्रम, शिवचरण हांसदा, शांति गोपाल दास, खितिश मुंडा, नरेश मंडल, बिशु ओझा, दीपक सिंह, पप्पू राउत, राजीव लेंका, जगदीश राय, नारू माइति, चेतन मुंडा, बापी साव, देवाशीष पैरा, मनोज माइति और मिथुन कर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिक्षा की दिशा में नया कदम
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यालय के भविष्य के शैक्षणिक विकास, संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षकों की बहाली जैसे मुद्दों पर चर्चा की। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
