चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह):
चाकुलिया प्रखंड के चालुनिया पंचायत स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ श्री जगन्नाथ महाप्रभु की स्नान यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक अवसर पर आश्रम परिसर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से कीर्तन मंडलियों के साथ महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की टोली नूतन बांध तक पहुंची।
श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से पूजा-अर्चना की और फिर बांध के पवित्र जल को कलश में भरकर कलश यात्रा निकाली गई, जो पुनः मंदिर परिसर तक पहुंची। कलश यात्रा के समापन पर, जल से भगवान जगन्नाथ का पावन स्नान विधिपूर्वक कराया गया।
इस आध्यात्मिक आयोजन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
इस अवसर पर आश्रम के आनंद ब्रह्मचारी, तुषार कांति दास, सूषेन दास, गुणाधर नायेक, कमला देवी, चंचला देवी, मालती देवी, लीला देवी, अलका देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यह आयोजन हर वर्ष आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर आता है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार होता है।