रांची: पूर्वी सिंहभूम जिले में भारतीय जनता पार्टी को आज बड़ा झटका लगा। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हो गए।
झामुमो की सदस्यता लेने वालों में जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ चक्रवर्ती, जिला परिषद सदस्य खगेन महतो, घाटशिला मंडल अध्यक्ष कौशिक कुमार, मुसाबनी के पूर्व मंडल अध्यक्ष तुषार पात्रो, भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेश महाली, तथा जंबू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह और रौनक दास सहित कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हैं।
इन सभी नेताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करकमलों से ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी, जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू, और झामुमो नेता प्रहलाद लोहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।