बहरागोड़ा (संवाददाता):
मत्स्य विभाग की पहल पर गुरुवार को भूतिया पंचायत अंतर्गत षाड़ंगी बांध में करीब 75 हजार फिंगर साइज मछली जीरा छोड़ा गया। इनमें रोहू, कतला और ग्रासकाप प्रजाति की मछलियाँ शामिल हैं।
जीरा छोड़ने का कार्य स्थानीय मुखिया विधान चंद्र मंडी और वार्ड सदस्य खेला राम मंडी की उपस्थिति में किया गया। मौके पर मुखिया विधान मंडी ने बताया कि सरकार द्वारा गठित मत्स्यजीवी सहयोग समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि छोड़ी गई मछलियों की सही देखभाल और समय-समय पर जांच सुनिश्चित करें ताकि मछलियों की ग्रोथ सही तरीके से हो सके।
मुखिया ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से मत्स्य समिति से जुड़े सदस्य स्वावलंबी बनेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, जिला प्रशासन ने भी निर्देश दिया है कि प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में नई मत्स्य समितियाँ गठित की जाएं और अधिक से अधिक ग्रामीणों को इस कार्य से जोड़ा जाए, ताकि वे इस व्यवसाय के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।