
रांची: बुधवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र में रांची-पुरुलिया हाईवे पर चमघटी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक 8 साल का बच्चा शामिल है। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।

यह दुर्घटना उस समय हुई जब झालदा से रांची आ रहा एक ऑटो, जिसमें गयासुद्दीन, उसकी पत्नी और बच्चा सहित परिवार के अन्य सदस्य सवार थे, एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब ट्रक गलत दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ऑटो को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे ऑटो पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया।

हादसे में ऑटो चालक गयासुद्दीन, उसकी पत्नी और बच्चे सहित कुल चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अभी तक एक और व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
