बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के बनकाटा पंचायत अंतर्गत कैमी गांव में शनिवार को ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई। क्षेत्रीय विधायक समीर मोहंती ने अपनी विधायक निधि से स्वीकृत नाली निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। यह नाली मजना तालाब से पुरुषोत्तम मन्ना के आवास तक बनेगी, जिससे गांव में वर्षों से बनी जलजमाव और पानी निकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक समीर मोहंती ने नारियल फोड़कर कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कैमी गांव में नाली निर्माण उनका चुनावी वादा था, जिसे पूरा करना उनके लिए संतोष की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और किसी भी योजना में बाधा नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य को अत्यंत आवश्यक बताते हुए विधायक मोहंती के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि नाली निर्माण से उन्हें वर्षभर होने वाली जलजमाव की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
शिलान्यास समारोह में प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, मुना होता, पप्पू कर, जयंत कर, राजू मन्ना, ऋतिक कर, अरुण बारिक, चंदन कर, अंतर्यामी कर, बंकिम चंद्र कर, सुजय डांगूआ, सुमित माइती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।