Responsive Menu
Add more content here...

पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आदर्श युवा ग्राम सभा का आयोजन, बच्चों ने निभाई विभिन्न लोकतांत्रिक भूमिकाएँ

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड के बालिकुड़िया स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय के सांस्कृतिक कला केंद्र में शनिवार को पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘लोकतंत्र की पाठशाला’ के तहत आदर्श युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत मुखिया रणजीत सिंह और विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

आदर्श ग्राम सभा की कार्यवाही छात्रों द्वारा संचालित की गई, जिसमें रचना कुमारी ने बाल मुखिया, राकेश कुमार ने पंचायत सचिव की भूमिका निभाई। अन्य विद्यार्थियों ने भी ग्राम सभा की विभिन्न प्रक्रियाओं को मंच पर जीवंत रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 की छात्रा निल्लम सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम की संकल्पना आकांक्षा सिंह ने तैयार की और समन्वय की जिम्मेदारी छोटेलाल कुशवाहा ने निभाई।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ छात्रों को पंचायत व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रणाली और निर्णय प्रक्रिया की गहन समझ प्रदान करती हैं। इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।

मुखिया रणजीत सिंह ने ग्राम सभा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना भविष्य के सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।

ग्राम सभा के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की, जिससे उनकी लोकतांत्रिक समझ और सक्रिय भागीदारी झलककर सामने आई।