बहरागोड़ा, पूर्वी सिंहभूम संवाददाता ( बापुन) | 24 अगस्त 2025
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बहरागोड़ा (बालिकुड़िया, जगन्नाथपुर) में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक उपलब्धि की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति अपनी रुचि और समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने बताया कि 23 अगस्त 2023 को भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के ज़रिए सफल सॉफ्ट लैंडिंग की थी, जो वैश्विक स्तर पर एक बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि रही। इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बना प्रज्ञान रोवर चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने वाला पहला यान था।
इसी ऐतिहासिक क्षण को याद करते हुए विद्यालय में प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग प्रतियोगिता और भाषण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने सैटेलाइट और लैंडर के मॉडल बनाकर अपनी रचनात्मकता का भी प्रदर्शन किया, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मुकेश कुमार, प्रिया प्रियदर्शिनी, आकांक्षा सिंह, ब्यूटी सैकिया, स्वाति सामल, सीमा कुमारी, छोटेलाल कुशवाहा, सुदीप भौमिक, ब्रजेन बर्मन, आर. के. झा, सुशील यादव, सत्य प्रकाश यादव, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार महतो, पूनम प्रिया, पिंटू कुमार, प्रमोद कुमार, हरी महतो आदि शामिल थे।
विद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने छात्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और देश के अंतरिक्ष मिशनों के प्रति गर्व की भावना को प्रोत्साहित किया।