Responsive Menu
Add more content here...

सरायकेला में करंट लगने से हाथी की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली के तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। इसके बाद पशुपालन विभाग को सूचना दी गई, जिसके पश्चात मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया गया।

मौके पर सरायकेला वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम, बिजली विभाग के एसडीओ कालीनाथ सिंह मुंडा, जेई बलराम हांसदा तथा पशु चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

प्रारंभिक जांच में बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वन विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद इलाके में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल और आबादी वाले इलाकों के आसपास बिजली तारों की नियमित निगरानी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।