देवघर, 8 जून 2025 ब्यूरो रिपोर्ट : आगामी 11 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह के पावन अवसर पर देवघर में आयोजित होने वाले राजकीय श्रावणी मेले 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भावनात्मक आस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की मुहिम शुरू कर दी है। शनिवार को उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया और कई ज़रूरी निर्देश दिए।
कांवरिया पथ पर पैदल चलकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
डीसी लकड़ा ने दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया मोड़ तक पैदल यात्रा कर कांवरिया पथ पर हो रहे कार्यों का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरे मार्ग पर महीन बालू का बिछाव किया जाए ताकि पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने बिजली के तारों की मरम्मत, चापाकलों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
डीसी ने कहा कि कांवरियों के लिए शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य शिविर, सूचना-सहायता केंद्र, पेयजल व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि नलों से बहने वाला पानी सड़क पर न फैले, उसके लिए समुचित निकास व्यवस्था बनाई जाए।
टेंट सिटी और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
डीसी ने कोठिया में बन रहे टेंट सिटी, बाघमारा बस स्टैंड, भलुवा, परित्राण मेडिकल कॉलेज परिसर, कोठिया टेंट निर्माण स्थल और दुम्मा वॉर्डर सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने टेंट सिटी में हाइजीन, वेंटिलेशन, और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
सुरक्षा, सफाई और जनसुविधाओं पर प्रशासन सख्त
परित्राण मेडिकल कॉलेज के पास बनाए जा रहे वाहन पड़ाव स्थल पर उन्होंने बेरिकेडिंग, महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय, और स्नानगृह की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ-साथ मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना, साउंड सिस्टम, और सूचना देने वाले पोस्टर-बैनर लगाने के भी निर्देश दिए गए।