चाकुलिया | अबुआ खबर संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नामोपाड़ा स्थित रासमंच मंदिर परिसर में गुरुवार से श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। यह सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन रासमंच मंदिर समिति के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आरंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में कथा व्यास सुश्री आरती किशोरी का पुराना बाजार स्थित सत्संग भवन से भजन मंडलियों और भक्तजनों द्वारा पारंपरिक शोभायात्रा के रूप में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान हरि-नाम संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

कथा स्थल पहुंचने के बाद आरती किशोरी ने गणेश वंदना के साथ कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कलयुग में भगवान की प्राप्ति का सबसे सरल और प्रभावी साधन श्रीमद् भागवत कथा है। उन्होंने बताया कि भगवान के नाम का जाप और कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में आनंद, शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

कथा पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति भाव से कथा श्रवण में लीन रहे। आयोजन स्थल पर लक्ष्मी नारायण दास, पतित पावन दास, दिलीप कुमार दास (लिली), विप्लव दास (बुबाई), रंजीत दास, चंद्र देव महतो, गिरधारी महतो, पशुपति बेरा, देव दास पांडा, तारक नाथ दास, कृष्ण चंद्र बेरा, विजय मिश्रा, राजेश कुमार दास, भोला नाथ दास, मानवेंद्र पांडा, उत्पल पांडा, देवाशीष दास, पंकज दास, अजय रुंगटा, तुहीन पांडा समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।

पूरे आयोजन का संचालन लक्ष्मी नारायण दास के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कथा के आरंभ के साथ ही रासमंच परिसर में भक्ति और अध्यात्म का माहौल छा गया है।