Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: बाइक और साइकिल की टक्कर में दो घायल, एक को रेफर किया गया

Spread the love

चाकुलिया | अबुआ खबर संवाददाता (रोहन सिंह)

चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार समिति के पास चाकुलिया–मटिहाना मुख्य सड़क पर गुरुवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की सहायता से 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चाकुलिया लाया गया।

घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के बाघाकोंदर गांव निवासी नाइट गार्ड खोगेन महतो और नागदोहा गांव निवासी हरिराम सोरेन के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खोगेन महतो साइकिल से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक सवार हरिराम सोरेन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में खोगेन महतो का दाहिना पैर टूट गया जबकि बाइक सवार हरिराम सोरेन को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने खोगेन महतो को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम की स्थिति बनने से रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।