Responsive Menu
Add more content here...

हेमंत और ममता की सरकार परिवारवाद की प्रतीक” — घाटशिला में बोले शुभेंदु अधिकारी, बाबूलाल सोरेन के समर्थन में की जनसभा

Spread the love

घाटशिला | अबुआ खबर संवाददाता

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर बुधवार को सर्कस मैदान में आयोजित चुनावी सभा में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड और बंगाल की सरकारों पर तीखा हमला बोला।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकारें परिवारवाद की प्रतीक हैं, जहां लोकतंत्र की जगह वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति हावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गुंडाराज, माफियाराज और भ्रष्टाचार का सिंडिकेट चल रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में कोयला, लोहा और बालू की अवैध तस्करी खुलेआम की जा रही है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। शुभेंदु ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि “हेमंत सोरेन ममता बनर्जी के अच्छे छात्र हैं — दोनों ही बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं और तुष्टिकरण की राजनीति के ज़रिए देश को कमजोर कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि “महागठबंधन उसी तरह चिल्ला रहा है जैसे चोर मचाए शोर।” अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य में फर्जी राशन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर आईडी बनवाकर वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।

शुभेंदु ने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार झारखंड में हिंदू आबादी 72 प्रतिशत थी, जो आने वाले वर्षों में घटकर 60–62 प्रतिशत के बीच रह सकती है, यदि इसी तरह तुष्टिकरण जारी रहा। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने का काम जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना ने शुरू किया था, और अब कुछ राजनीतिक दल उसी राह पर हैं।

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा,

बाबूलाल सोरेन एक ईमानदार, ज़मीन से जुड़े नेता हैं — इन्हें जिताना जनता की सेवा को जिताना होगा।”

सभा स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। विशेष रूप से महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। शुभेंदु अधिकारी के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ते और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक गीता कोड़ा, सीता सोरेन, भानु प्रताप शाही, मेनका सरदार, अभय सिंह, लोबिन हेंब्रम, चंडी चरण साहू, दिनेश साव, साकेत अग्रवाल, और शशांक राज सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।