बहरागोड़ा। संवाददाता
खुदाई के दौरान मिला रहस्यमयी धातु का सामान
बहरागोड़ा प्रखंड के बोरागाड़िया पंचायत अंतर्गत पानीपड़ा नागुडसाई स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर अवैध बालू उत्खनन के दौरान एक भारी-भरकम लोहे की संदिग्ध वस्तु मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने खुदाई कर निकाली वस्तु
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुछ ग्रामीण नदी घाट पर बालू की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन के अंदर किसी कठोर धातु से टकराने का एहसास हुआ। जब ग्रामीणों ने मिलकर खुदाई की तो एक विशालकाय और अजीब आकार की लोहे की वस्तु बाहर निकली।
द्वितीय विश्व युद्ध के बम की आशंका
स्थानीय लोगों और बुजुर्गों का मानना है कि बहरागोड़ा क्षेत्र का इतिहास द्वितीय विश्व युद्ध के समय के हवाई अड्डों से जुड़ा रहा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह कोई पुराना बम भी हो सकता है।
प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने उस वस्तु को वहीं छोड़ दिया है। साथ ही इसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मौके पर कोई प्रशासनिक टीम या विशेषज्ञ नहीं पहुंची थी।